Site icon WeGarhwali

Ram Singh Dhoni: राम सिंह धौनी, उत्तराखंड का एक सच्चा देशभक्त

Ram Singh Dhoni: राम सिंह धौनी, उत्तराखंड का एक सच्चा देशभक्त

Ram Singh Dhoni: राम सिंह धौनी, उत्तराखंड का एक सच्चा देशभक्त

Ram Singh Dhoni (राम सिंह धौनी ): आपने विभिन्न स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बारे में सुना और पढ़ा अवश्य होगा, जो देश को आज़ाद कराने के लिए कई बार जेल गए और उन्होंने कई अत्याचार भी सहे। लेकिन आज हम आपको एक ऐसे व्यक्तित्व  के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कभी जेल नहीं गए, लेकिन स्वतन्त्रता संग्राम में अपनी कुशलता व वाकपटुता से अतुलनीय योगदान दिया। इस व्यक्ति का नाम है राम सिंह धौनी।आइये जानते हैं राम सिंह धौनी (Ram singh Dhoni) के बारे में –

राम सिंह धौनी (Ram Singh Dhoni)

कुछ लोग समाज में बिना किसी स्वार्थ के अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहते हैं।  सच्चा समाज सेवक और देशप्रेमी वही है जो कार्यक्षेत्र बड़ा है या छोटा यह भूल कर, बिना कोई लम्बा भाषण दिए चुपचाप परहित की चिंता में अपना योगदान देता है। उत्तराखंड के जन्मे राम सिंह धौनी भी एक ऐसे ही व्यक्तित्व के धनी थे। इन्होंने शिक्षा के क्षेत्र से लेकर स्वंतत्रता संग्राम के क्षेत्र तक अतुलनीय कार्य किए और देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बने।

राम सिंह धौनी का जन्म एवं शिक्षा (Birth and education of Ram Singh Dhoni)

राम सिंह धौनी का जन्म सन् 24 फरवरी 1893 में गांव तल्ला बिनौला सालम, तहसील जैंती, अल्मोड़ा में हुआ था। इनके पिता का नाम हिम्मत सिंह धौनी था, जो पेशे से एक कृषक थे। जन्म के समय जब राम सिंह धौनी की कुंडली देखी गयी तो ब्राह्मणों ने घोषणा की, बालक कुलदीपक, यशस्वी व वीर होगा। हुआ भी कुछ ऐसा ही, राम सिंह धौनी कुशाग्र बुद्धि के बालक थे वह बचपन से ही कक्षा में विशेष रूचि लेते थे। 

जब प्राथमिक कक्षा के बाद उन्होंने जैंती लोअर स्कूल में दाखिला लिया तो उस समय 60 विद्यार्थियो को शिक्षक मोतीराम अकेले ही पढ़ाते थे। राम सिंह धौनी उस वक्त छोटी कक्षाओं को पढ़ाकर गुरु की सहायता किया करते थे। कक्षा में प्रथम श्रेणी से पास होने पर राम सिंह धौनी को 2 रूपये छात्रवृति भी मिला करती थी।
इसे भी पढ़े – उत्तराखंड में हुए प्रमुख जन आंदोलन 



18 मई 1908 को बेसिक की कक्षा समाप्त करने के बाद उन्होंने जूनियर हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए अल्मोड़ा टाउन स्कूल में दाखिला लिया और इसी बीच उनकी शादी भी हो गयी। हिंदी हाईस्कूल में भी प्रथम श्रेणी से पास होने के बाद उन्हें 5 रूपये छात्रवृति और एक घडी भी उपहार स्वरूप दी गयी। राम सिंह धौनी का मातृभूमि से अगाध प्रेम था और उसे परतंत्र की बेड़ियों में जकड़े नहीं देख सकते थे।

यही वजह है हाईस्कूल में रहते हुए उन्होंने आपने सहपाठियों के साथ एक छात्र सम्मेलन सभा की स्थापना की। सम्मेलन का मुख्य विषय देशप्रेम व राष्ट्रभाषा हिंदी का उत्थान हुआ करता था।

जब राम सिंह धौनी ने तहसीलदार का पद ठुकराया (When Ram Singh Dhoni refused the post of Tehsildar)

राम सिंह धौनी जब हाईस्कूल में थे तो उस समय उनकी भेंट 1916 में अमेरिका से वापस लौटे स्वामी सत्यदेव से हुई। वे स्वामी जी से इतने प्रभावित हुए कि वे स्वामी सत्यदेव द्वारा स्थापित “शुद्ध साहित्य समिति” और समर स्कूल के सदस्य बन गए। आगे चल कर स्वामी सत्यदेव द्वारा स्थापित शुद्ध साहित्य समिति ने उत्तराखंड की जनता में राष्ट्रीय चेतना जगाने में अहम योगदान दिया। 



राम सिंह धौनी ने हाईस्कूल की शिक्षा के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बी०ए० की डिग्री सन् 1919 में प्राप्त की थी। उस समय तत्कालीन कुमाऊँ कमिश्नर पी. विढ़म ने उन्हें तहसीलदार की नौकरी का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन राम सिंह ने उनका यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। शिक्षा पूरी करने के बाद जब धौनी अपने निजी क्षेत्र (सालम) लौटे तो वहां निवासियों व उनके प्रियजनों ने उनका स्वागत बड़ी धूम-धाम से किया।

राम सिंह धौनी अपने क्षेत्र के पहले ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने स्नातक तक की शिक्षा पूरी की, इसलिए उनके क्षेत्रवासियों ने उनके स्वागत में ढ़ोल-नगाड़ों का प्रबन्ध किया व उन्हें अल्मोड़ा से उनके गांव तक पालकी पर उठाकर ले गए।

राष्ट्रसेवा में राम सिंह धौनी का योगदान (Ram Singh Dhoni’s contribution to national service)

राम सिंह धौनी जब स्कूली शिक्षा व स्नातक की शिक्षा में अध्यनरत थे तो उन्होंने उस दौरान कई विद्यार्थियों को देशभक्ति की भावना से प्रेरित किया था। वे अंग्रेजी शासन द्वारा प्रतिबंधित भारतीय किताबों को पढ़ते थे तथा अपने दोस्तों को सुनाकर उनके मन भी देशसेवा की अलख जगाते थे। इन सब का परिणाम यह हुआ कि विद्यार्थियों ने शिक्षा समाप्त करने के बाद देशसेवा में अपना अमूल्य योगदान दिया था।

राम सिंह धौनी पहले तो होमरूल लीग के सदस्य बने। उसके बाद वह सीधे स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए। राम सिंह धौनी का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार करना था। इसके लिए इन्होंने सन् 1920 में राजस्थान के सूरतगढ़ नामक शहर के एक स्कूल में अध्यापन का कार्य शुरू किया। उन्होंने वहाँ पढ़ रहे राजकुमारों को भी स्वंत्रता की भावना जगाई।

इसके बाद वह सूरतगढ़ से फतेहपुर गए और वहां एक स्कूल के प्रधानाध्यापक बन गए। फतेहपुर में सन् 1921 में धौनी जी ने कांग्रेस कमेटी का गठन करना चाहते थे मगर सियासत ने यह कार्य संभव नहीं होने दिया।

इसे भी पढ़ें – अल्मोड़ा नगर पालिका पर पहली बार तिरंगा फहराने वाली महिला 



इन्होंने फतेहपुर में शुद्ध साहित्य समिति की स्थापना की जहाँ लोग जुड़कर साहित्य के माध्यम से अपने विचार रखा करते थे। धौनी  जी की भी गद्य में विशेष रूचि थी वे ‘बन्धु’ नाम के एक साप्ताहिक पत्र के माध्यम से अपने विचार रखते थे। उन्होंने फतेहपुर में युवक सभा की भी स्थापना की जिसकी बैठक प्रत्येक रविवार को रखी जाती थी।  इसके कुछ समय के बाद राम सिंह जी नेपाल की रियासत बजांग राज्य में चले गए।

वहां उन्होंने राजकुमारों को शिक्षा प्रदान की, इनकी शिक्षा से प्रभावित होकर ही वहां के राजकुमारों का लगाव हिंदी भाषा से हो गया और उन्हें हिंदी भाषा में और जानकारी प्राप्त करने की जिज्ञासा होने लगी। बजांग राज्य द्वारा राम सिंह धौनी को एक तलवार भी भेंट की गयी जो आज भी उनके घर में सुसज्जित है।

अल्मोड़ा वापसी (Return to Almora)

रियासतों में स्वतंत्रता की अलख जगाने व हिंदी के प्रचार प्रसार करने के बाद राम सिंह जी की अल्मोड़ा वापसी हुई। यहां रहकर उन्होंने निशुल्क शिक्षा व विद्यालयों की स्थापना में अपना अहम योगदान दिया। यही नहीं उन्होंने विक्टर मोहन जोशी की अनुपस्थिति में वर्ष 1924 में शक्ति पत्रिका का भी सम्पादन किया। परन्तु स्वस्थ खराब रहने के कारण वर्ष 1926 में उन्होंने सम्पादन का कार्य छोड़ दिया। मगर इसके बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय कल्याण के लिए अपने प्रयत्न जारी रखे।



बम्बई में रहकर राष्ट्र आंदोलन की करी मदद (Helped the national movement while staying in Bombay)

सन 1928 में धौनी जी ने स्वास्थ्य खराब होने के कारण भी मुंबई के लिए प्रस्थान किया। जहां उन्होंने ‘हिमालय पर्वतीय संघ’ की स्थापना की। यहाँ रहकर उन्होंने धन एकत्र किया व अल्मोड़ा के राष्ट्रीय आंदोलन को सफलतापूर्वक चलाने के लिए भेजा। राम सिंह धौनी स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कभी जेल नहीं गए, लेकिन समाज को जागरूक करने व स्वाधीनता संग्राम इत्यादि में सहयोग करने के लिए राम सिंह जी ने अतुलनीय सहयोग किया। Ram Singh Dhoni

राम सिंह धौनी  सन् 1930 में चेचक रोग से ग्रस्त हुए लाख जतन करने के बाद भी उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और अंत में उत्तराखंड का यह सच्चा सपूत परमात्मा में विलीन हो गई। स्वतंत्रता सेनानी राम सिंह धौनी की मृत्यु के उपरांत सन् 1935 में उनके क्षेत्र सालम (जैंती) में उनके नाम पर एक आश्रम की स्थापना की गई।

यह आश्रम स्वतन्त्रता आंदोलन का एक प्रमुख केंद्र भी रहा। लेकिन हम इस समय इस आश्रम (राम सिंह धौनी आश्रम) की बात करें तो संरक्षण इत्यादि के अभाव में यह आश्रम अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं। दुःख की बात रही कि स्वतंत्रता के बाद भी तत्कालीन उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा छपी पुस्तक में उत्तराखंड के सेनानियों में भी उनका जिक्र नहीं था।

राम सिंह धौनी ने दिया जय हिन्द का नारा 

राम सिंह धौनी पहले ऐसे देशभक्त थे जिन्होंने सन् 1921 में पहली बार ‘जय हिंद’ का उद्घोष किया था। इन्हें तत्कालीन भारतीय रियासतों में राजनीति के जन्मदाता के रूप में भी जाना जाता है। वे  ‘जय हिंद’ नारे का प्रयोग अभिवादन के रूप में  किया करते और  पत्र व्यवहार इत्यादि में भी ‘जय हिंद’ का प्रयोग किया करते थे।

राम सिंह धौनी द्वारा लिखी कविता (Poem written by Ram Singh Dhoni)

हालाँकि राम सिंह धौनी को वर्तमान समाज भूलता जा रहा हो मगर उनके देशप्रेम की अभिव्यक्ति उनकी डायरी में लिखी कविता से साफ़ देखने को मिलती है।

भारत! मैं तुझको श्रद्धा से प्रणाम करता हूं,
अपने ह्रदय के भावों को चरणों में धरता हूँ ।
तू ही तीस कोटि भारतीयों की माता है,
प्राचीन यश जिसका वेदव्यास गाता है।
तू धन्य है, तो धन्य है, तू धन्य है, माता ॥
वह नीच से भी नीच है जो तुझको भुलाता,
है वह उच्च, सबसे श्रेष्ठ, जो है सेवा तेरी करता।
सागर ने तेरे चरणों में माथा नवाया,
अरु शुभ्र हिमालय ने मुकुट को सजाया है ।
चाहते हैं ईश सब भारतीयों की ध्वजा सजे,
अरु सभ्य जातियों में इसकी दुन्दुभी बजे ।

हरगिज़ किसी से मत डरो, भाइयों बढे चलो,
अरु देश के हित के कार्य में सबसे गले मिलो ।

सौ बार अगर जन्म हो, तो भी यही धर्म हो,
मारेंगे, मर मिटेंगे, हिन्दुस्तान के खातिर ॥



राम सिंह धौनी केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक, शिक्षाविद, पत्रकार और हिंदी प्रेमी भी थे। उनका दिया ‘जय हिंद’ का नारा आज भी भारत की शान बना हुआ है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्चा राष्ट्रभक्त वही होता है जो अपने देश और समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करता है।

राम सिंह धौनी से संबंधित सामान्य ज्ञान (GK) FAQs

Q1: राम सिंह धौनी कौन थे?
उत्तर: राम सिंह धौनी उत्तराखंड के एक प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक कार्यकर्ता थे, जिन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Q2: राम सिंह धौनी का जन्म कब और कहाँ हुआ था?
उत्तर: उनका जन्म 24 फरवरी 1893 को उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के तल्ला बिनौला गाँव में हुआ था।

Q3: राम सिंह धौनी की शिक्षा कहाँ हुई थी?
उत्तर: उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा अल्मोड़ा में प्राप्त की और इलाहाबाद के क्रिश्चियन कॉलेज से स्नातक किया।

Q4: स्वतंत्रता संग्राम में राम सिंह धौनी का क्या योगदान था?
उत्तर: उन्होंने “छात्र सम्मेलन सभा” की स्थापना की, जो राष्ट्रभाषा के प्रचार और देशभक्ति की भावना को बढ़ाने के लिए समर्पित थी। वे “शुद्ध साहित्य समिति” और “समर स्कूल” जैसी संस्थाओं से भी जुड़े रहे।

Q5: राम सिंह धौनी का स्वतंत्रता संग्राम में प्रमुख योगदान क्या था?
उत्तर: उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने का कार्य किया और कई राष्ट्रवादी आंदोलनों में भाग लिया।

Q6: क्या राम सिंह धौनी उत्तराखंड राज्य आंदोलन से जुड़े थे?
उत्तर: नहीं, उनका निधन 1930 में हो गया था, जो उत्तराखंड राज्य आंदोलन शुरू होने से पहले का समय था।

Q7: राम सिंह धौनी का निधन कब हुआ?
उत्तर: उनका निधन 20 अप्रैल 1930 को हुआ था।

Q8: राम सिंह धौनी को किस रूप में याद किया जाता है?
उत्तर: उन्हें उत्तराखंड के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और समाज सुधारक के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा और साहित्य के माध्यम से राष्ट्रीय जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया।

Q9: क्या राम सिंह धौनी का नाम किसी पुरस्कार या स्मारक से जुड़ा है?
उत्तर: वर्तमान में, उनके नाम से कोई बड़ा राष्ट्रीय पुरस्कार नहीं है, लेकिन उत्तराखंड में उन्हें सम्मानपूर्वक याद किया जाता है।

Q10: राम सिंह धौनी से जुड़ी प्रमुख संस्थाएँ कौन-कौन सी थीं?
उत्तर: उन्होंने “छात्र सम्मेलन सभा”, “शुद्ध साहित्य समिति” और “समर स्कूल” जैसी संस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई।

Q11: राम सिंह धौनी का भारतीय समाज पर क्या प्रभाव पड़ा?
उत्तर: उन्होंने युवाओं को शिक्षा और देशभक्ति की ओर प्रेरित किया और राष्ट्रीय आंदोलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

Q12: क्या राम सिंह धौनी पर कोई पुस्तक लिखी गई है?
उत्तर: अभी तक उनके जीवन पर कोई व्यापक रूप से प्रसिद्ध पुस्तक उपलब्ध नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर उनके योगदान पर लेख प्रकाशित किए गए हैं।


अगर आपको उत्तराखंड के सच्चे सपूत राम सिंह धौनी (Ram Singh Dhoni) से सम्बंधित यह पोस्ट अच्छी  लगी हो तो इसे शेयर करें साथ ही हमारे इंस्टाग्रामफेसबुक पेज व  यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Exit mobile version